Bihar: निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को मिली जमानत, निकल जाएंगे जेल से

पटना/पूर्णिया: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के समर्थकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पिछले कई दिनों से जेल में बंद पप्पू यादव की रिहाई का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। जानकारी के अनुसार, पटना सिविल कोर्ट और पूर्णिया कोर्ट ने उन्हें सभी संबंधित मामलों में जमानत दे दी है।

31 साल पुराने मामले में हुई थी गिरफ्तारी

पप्पू यादव को 6 फरवरी की रात पटना पुलिस ने उनके मंदिरी स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी 31 साल पुराने एक लंबित मामले में की गई थी। गिरफ्तारी के समय काफी हंगामा हुआ था और पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में उन पर अलग से भी मुकदमे दर्ज किए थे।

सियासी बदले की कार्रवाई का लगा था आरोप

पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद बिहार की सियासत में उबाल आ गया था। विपक्ष और समर्थकों ने इसे नीतीश सरकार की बदले की कार्रवाई करार दिया था। पप्पू यादव जहानाबाद की नीट छात्रा की संदिग्ध मौत और दरिंदगी के मामले में लगातार सरकार को घेर रहे थे। चर्चा है कि उनके तीखे सवालों से सरकार असहज थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी पप्पू यादव की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या बताया था।

किन-किन थानों में दर्ज थे मामले?

कोर्ट ने पप्पू यादव को कई मामलों में एक साथ राहत दी है।कोतवाली और बुद्धा कॉलोनी थाने में दर्ज केस में जमानत मिली। गर्दनीबाग और बुद्धा कॉलोनी थानों में सरकारी कार्य में बाधा डालने और बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले दर्ज थे।पूर्णिया कोर्ट में दर्ज अन्य स्थानीय मामलों में भी उन्हें बेल मिल गई है।

जेल में ‘साजिश’ का लगाया था आरोप

जेल में रहने के दौरान पप्पू यादव ने एक सनसनीखेज आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि जेल प्रशासन और सरकार उन्हें इंजेक्शन देकर मारने की साजिश रच रही है। उनके इस बयान के बाद समर्थकों में काफी आक्रोश देखा गया था।

समर्थकों में जश्न का माहौल

सभी मामलों में जमानत मिलने की सूचना जैसे ही बाहर आई, पटना से लेकर पूर्णिया तक उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों का कहना है कि यह सत्य की जीत है। अब कागजी कार्यवाही पूरी होते ही वे जेल से बाहर आ जाएंगे।

Exit mobile version