Jharkhand: एक्सएलआरआई जमशेदपुर में नेक्सकॉन 2026 का भव्य आयोजन,स्टार्टअप और निवेशकों को मिला सशक्त मंच

जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर स्थित देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई में स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘नेक्सकॉन 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। यह निवेशक और स्टार्टअप शिखर सम्मेलन एक्सएलआरआई के इनक्यूबेशन सेंटर ‘एक्सीड ’ और छात्र कार्यकारी समिति ‘नेक्सोरा ’ के तत्वावधान में आयोजित हुआ।

1500 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

टाटा ऑडिटोरियम में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 1,500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें स्कूली छात्र, उभरते स्टार्टअप संस्थापक, युवा उद्यमी और कॉर्पोरेट पेशेवर शामिल थे। कार्यक्रम ने नवाचार, उद्यमिता और निवेश के बीच सेतु का कार्य किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन और विशिष्ट अतिथि

कार्यक्रम का उद्घाटन एक्सएलआरआई के निदेशक डॉ. (फादर) एस. जॉर्ज एवं एक्सीड के सीईओ प्रो. सुनील कुमार सारंगी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।मुख्य अतिथि के रूप में ‘नेस्टासिया’ की संस्थापक अदिति मुरारका अग्रवाल और जाने-माने उद्यमी अरिजीत दत्ता ने अपने अनुभव साझा किए और युवा स्टार्टअप्स को प्रेरित किया।

‘शार्क टैंक’ तर्ज पर लाइव पिच प्रतियोगिता रही आकर्षण

नेक्सकॉन 2026 का मुख्य आकर्षण ‘शार्क टैंक’ की तर्ज पर आयोजित लाइव स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता रही।इस प्रतियोगिता में देशभर से आए 200 से अधिक आवेदनों में से चयनित चार स्टार्टअप्स—एक्सएल स्लाइड्स,योगीता बायोफार्मिंग,लेबर लिंक हे-डू टेक ने निवेशकों के सामने अपने व्यावसायिक मॉडल और नवाचार आधारित आइडिया प्रस्तुत किए।

‘जीरो टू वन’ पैनल चर्चा में स्टार्टअप ग्रोथ पर मंथन

कार्यक्रम के दौरान ‘जीरो टू वन’ विषय पर एक विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई, जिसमें विशेषज्ञों ने स्टार्टअप को शून्य से शिखर तक ले जाने, फंडिंग हासिल करने, स्केल-अप रणनीति और बाजार में टिके रहने की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

जमशेदपुर के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मिली मजबूती

इस आयोजन के माध्यम से एक्सएलआरआई ने न केवल भविष्य के उद्यमियों को मार्गदर्शन प्रदान किया, बल्कि जमशेदपुर के स्टार्टअप इकोसिस्टम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

Exit mobile version