Jharkhand: रांची स्तिथ डोरंडा में मारपीट के बाद घायल युवक की मौत, एक आरोपी गिरफ्तार

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मारपीट की एक घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवक अभिषेक लोहरा की इलाज के दौरान रिम्स में मौत हो गई है। युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रिम्स में इलाज के दौरान थमी सांसें

जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व अभिषेक लोहरा के साथ कुछ युवकों ने बेरहमी से मारपीट की थी। इस घटना में अभिषेक को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद अभिषेक की हालत बिगड़ती गई और शनिवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।

थाने पर उमड़ा गुस्सा, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

अभिषेक की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों तक पहुँची, घर में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में डोरंडा थाना पहुँचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।परिवार वालों का कहना है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को बिना देरी किए गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।

पुलिस की कार्रवाई: मुख्य आरोपी शंकर लोहरा गिरफ्तार

मामले के तूल पकड़ते ही डोरंडा थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शंकर लोहरा नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।थाना प्रभारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच और गवाहों के आधार पर शंकर लोहरा की संलिप्तता स्पष्ट हुई है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार और इलाके में सुरक्षा

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों और चोटों की गंभीरता का तकनीकी खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए डोरंडा और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

Exit mobile version