Jharkhand: जमशेदपुर स्तिथ बिरसानगर के बेदी टेंट हाउस में भीषण आग, धू-धू कर जला लाखों का सामान

जमशेदपुर: लौहनगरी के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत संडे मार्केट में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक टेंट हाउस में भीषण आग लग गई। घटना बिरसानगर संडे मार्केट स्थित ‘बेदी टेंट एंड इवेंट’ की है। इस अग्निकांड में टेंट हाउस का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया है, जिससे संचालक को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

सुबह-सुबह उठा धुएं का गुबार

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान के शटर के भीतर से काला धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना दुकान संचालक राजू बेदी और दमकल विभाग को दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

2 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गली और धुएं के कारण दमकल कर्मियों को शुरुआत में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग को समय रहते बुझा लिया गया, वरना संडे मार्केट की अन्य दुकानें भी इसकी जद में आ सकती थीं।

लाखों का नुकसान, कारण स्पष्ट नहीं

टेंट हाउस के संचालक राजू बेदी के अनुसार, इस हादसे में टेंट, कपड़े, कुर्सियां और सजावट का अन्य कीमती सामान जल गया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, लगभग 2 से 3 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। पुलिस और दमकल विभाग मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

Exit mobile version