Bihar INFACTNews

Bihar: अपराधी कोई भी हो बचेगा नहीं, वैशाली में हुए एनकाउंटर पर बोले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना: वैशाली में हुई भीषण सोना डकैती के मुख्य आरोपी प्रिंस के एनकाउंटर के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में नीतीश सरकार के राज में कानून का उल्लंघन करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।

“अपराधी बिहार छोड़ दें या अंजाम भुगतें”

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, वह कानून की गिरफ्त से बच नहीं सकता। उन्होंने कहा “मैं पहले ही कह चुका हूँ कि अपराधी अपने लिए जगह खोज लें या बिहार छोड़कर चले जाएं। अपराधी यह न समझें कि भागकर वे बच जाएंगे।”सम्राट चौधरी ने कहा कि कुछ अपराधी छिपने के लिए बेंगलुरु जैसे शहरों तक भाग रहे हैं, लेकिन बिहार पुलिस वहां भी पहुँचकर उन्हें दबोच रही है। अपराधी कहीं भी होगा, बिहार पुलिस उसे पाताल से भी खोज निकालेगी और जेल की सलाखों के पीछे भेजेगी।

नीट छात्रा मौत मामला: राबड़ी देवी को दी चुनौती

नीट छात्रा की मौत के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा एक मंत्री के बेटे पर लगाए गए आरोपों पर भी सम्राट चौधरी ने तीखा पलटवार किया। सम्राट चौधरी ने कहा, “अगर विपक्ष के पास किसी मंत्री के बेटे के खिलाफ कोई पुख्ता सबूत है, तो उसे सार्वजनिक करें और सामने लाएं।” उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि नीट मामले में जिसका भी नाम सामने आएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। सरकार किसी को संरक्षण नहीं दे रही है।

बिहार में ‘लॉ एंड ऑर्डर’ पर सरकार का फोकस

सम्राट चौधरी के इस बयान को बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के आरोपों के बीच सरकार के पलटवार के रूप में देखा जा रहा है। सरकार यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है और पुलिस को कार्रवाई के लिए पूरी छूट दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button