Bihar: बिहार विधानसभा के बाहर मचा हंगामा, राबड़ी देवी ने कहा-वोट चोरी से बनी है सरकार

पटना: बिहार विधान परिषद के बाहर आज उस वक्त भारी हंगामा देखने को मिला, जब पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सरकार पर तीखा हमला बोला। राबड़ी देवी ने महाराष्ट्र और हरियाणा के राजनीतिक घटनाक्रमों का हवाला देते हुए सत्ता पक्ष पर “वोटों की चोरी” और “विधायकों की खरीद-फरोख्त” के गंभीर आरोप लगाए हैं। विपक्ष ने न केवल सदन के अंदर, बल्कि विधानसभा के बाहर भी किसानों के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा।

“हमें मिला बहुमत, चोरी से बनी सरकार”: राबड़ी देवी

सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए राबड़ी देवी ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने कहा जनता ने बहुमत हमें (महागठबंधन) दिया था, लेकिन छल और वोट की चोरी करके यह सरकार सत्ता में बैठी है।उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र और हरियाणा की तर्ज पर विधायकों को 50-60 करोड़ रुपये देकर खरीदा जा रहा है और सरकार इस पर मूकदर्शक बनी हुई है।राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार और देश की जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

किसानों के मुद्दे पर सदन के बाहर प्रदर्शन

विधानसभा और विधान परिषद के बाहर विपक्षी विधायकों ने कृषि और किसानों की बदहाली को लेकर जमकर नारेबाजी की। विपक्ष का नेतृत्व कर रही राबड़ी देवी ने कृषि रोड मैप को पूरी तरह विफल करार दिया। विपक्ष का आरोप है कि सरकार कृषि रोड मैप के नाम पर केवल दिखावा कर रही है, जबकि धरातल पर किसानों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है।किसानों को न तो उचित सहायता मिल रही है और न ही उनकी समस्याओं का समाधान हो रहा है।

विधानमंडल परिसर में भारी हंगामा

विपक्षी दल के सदस्यों ने बैनर और पोस्टर लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे सदन से लेकर सड़क तक किसानों के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। विपक्ष ने मांग की है कि सरकार किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करे और खरीद-फरोख्त की राजनीति बंद करे।

Exit mobile version