Jharkhand: पीएम स्वनिधि योजना से आत्मनिर्भर हुए पथ विक्रेता, 200 से अधिक वेंडर्स को मिला ऋण

जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम स्वनिधि स्कीम के तहत देश भर के 1 लाख लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड लॉन्च करने और ऋण वितरण के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शुक्रवार को जमशेदपुर में देखा गया। मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों पथ विक्रेताओं ने डिजिटल माध्यम से प्रधानमंत्री से संवाद किया।

उप नगर आयुक्त के निर्देश पर विशेष कैंप का आयोजन

उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देशानुसार, मानगो और जमशेदपुर के विभिन्न बैंकों में विशेष कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों के माध्यम से 200 से अधिक पथ विक्रेताओं को मौके पर ही पीएम स्वनिधि योजना का लाभ दिलाया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही इन सभी वेंडर्स को विशेष क्रेडिट कार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैंकों ने खोला ऋण का पिटारा

शहर के विभिन्न बैंकों ने इस योजना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जिसमे पंजाब नेशनल बैंक (साकची) शाखा में 100 से अधिक पथ विक्रेताओं के लिए लगभग 22 लाख रुपये के ऋण की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।उत्कर्ष बैंक (मानगो) में 20 विक्रेताओं को योजना से जोड़ा गया।अन्य बैंक बतौर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब एंड सिंध बैंक, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक ने भी वेंडर्स को ऋण स्वीकृत किए।

ऋण की तीन श्रेणियां

पथ विक्रेताओं को उनके कारोबार को विस्तार देने के लिए तीन चरणों में वित्तीय सहायता दी जा रही है जिसमे प्रथम चरण में 15,000 रुपये का ऋण,द्वितीय चरण में 25,000 रुपये का ऋण और तृतीय चरण में 50,000 रुपये का ऋण की सहायता दी जा रही है।

डिजिटल ट्रांजेक्शन पर मिलेगा रिवॉर्ड

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह योजना न केवल ऋण प्रदान करती है, बल्कि डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने पर कैशबैक और ब्याज में सब्सिडी का लाभ भी देती है। लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान प्रधानमंत्री ने वेंडर्स को ‘उद्यमी’ बनने की प्रेरणा दी।

गणमान्य लोगों की उपस्थिति

इस गौरवपूर्ण अवसर पर विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, नगर निगम के सीएमएम , सीओ , सीआरपी और बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे। वेंडर्स ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बिना किसी गारंटी के मिलने वाला यह ऋण उनके व्यवसाय को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

Exit mobile version