रांची। राँची नगर निगम शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आमजन को जाम से राहत दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान को और तेज करने जा रहा है। निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने शुक्रवार को इन्फोर्समेंट शाखा की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए।प्रशासक ने कहा कि शहर की सभी प्रमुख और व्यस्त सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने को लेकर अभियान तेज किया जाएगा। अब निगम उन क्षेत्रों पर भी नियमित नजर रखेगा जहाँ से पहले अतिक्रमण हटाया जा चुका है, ताकि दोबारा अवैध संरचनाएँ न लग सकें।
सभी मुख्य चौराहों और रास्तों पर चलेगी बुलडोजर कार्रवाई
प्रशासक सुशांत गौरव ने स्पष्ट किया कि राँची के हर उस मुख्य चौराहे और रास्ते पर बुलडोजर कार्रवाई होगी, जहाँ अतिक्रमण किया गया है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र में पहले से तैयार कार्य योजना के अनुसार हर दिन अभियान चलाएँव्यवसायिक प्रतिष्ठानों को चेतावनी: प्रशासक ने कहा कि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान और भवन के संचालक अपने पड़ाव स्थल (Parking Space) पर ही वाहनों को खड़ा कराएँ। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह व्यवस्था किसी भी हाल में बहाल रहे और उन स्थानों पर अन्य तरह की व्यावसायिक गतिविधि नहीं होनी चाहिए।
चौक-चौराहों के घुमाव पथ होंगे अतिक्रमण मुक्त
प्रशासक ने विशेष रूप से चौक-चौराहों के घुमाव पथों को अतिक्रमण मुक्त करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा घुमाव वाले क्षेत्र में कई स्थान पर अतिक्रमण है, जिस वजह से वाहनों की आवाजाही सामान्य नहीं रहती है और जाम की वजह से आमजन की परेशानी बढ़ जाती है। इसे तत्काल ठीक किया जाना चाहिए।
गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा जुर्माना
अतिक्रमण के साथ-साथ सड़क पर गंदगी फैलाने वालों पर भी सख्ती बरती जाएगी। प्रशासक ने मातहत अधिकारियों को सड़क पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने और आवश्यक होने पर ट्रेड लाइसेंस रद्द करने का भी निर्देश दिया।बैठक में उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक और इन्फोर्समेंट टीम के कर्मी शामिल हुए। निगम का यह कदम राँची शहर को व्यवस्थित और जाम मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
