Dharmendra Health Update Live: धर्मेंद्र की हालत में सुधार, सनी देओल की टीम बोली- अच्छी सेहत की प्रार्थना करें

Dharmendra Health Live Update: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की हालत में अब सुधार है। सनी देओल की टीम ने ताजा अपडेट दिया है। जहां एक तरफ मंगलवार सुबह तमाम मीडिया हाउस ने उनके निधन की खबरें चला दी थीं, वहीं अमर उजाला ने संयम बरता और धर्मेंद्र के करीबी सूत्र से लगातार जानकारी हासिल कर रहा है। धर्मेंद्र की बेटी एशा देओल ने पोस्ट करके बताया कि धर्मेंद्र की हालत अभी स्थिर है वहीं पत्नी हेमा मालिनी ने भी गलत खबरें फैलाने वालों को फटकार लगाई है।

धर्मेंद्र के घर पहुंचे निखिल द्विवेदी

धर्मेंद्र की खराब तबीयत की जानकारी मिलते ही बॉबी देओल के करीबी दोस्त और अभिनेता निखिल द्विवेदी उनके घर पर पहुंचे हैं। मुंबई में अभी कुछ देर पहले निखिल को धर्मेंद्र के घर के बाहर देखा गया।

शत्रुघ्न सिन्हा ने जताई नाराजगी

धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरों पर अब उनके दोस्त और दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का भी गुस्सा फूट पड़ा है। एक्टर ने बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए कहा है कि ‘धरम जी की खुद की कोई टीम नहीं है, तो फिर कैसे और किसने उनके निधन की खबर की पुष्टि की?’

शत्रुघ्न ने कहा, ‘मैंने सुबह उठकर इन खबरों को सच मान लिया क्योंकि ये विश्वसनीय पोर्टल और प्रकाशनों से आई थीं। मुझे यह जानकर हैरानी और राहत हुई कि ये खबरें झूठी थीं। सबके चहेते धरमजी ठीक हैं और जल्द ही घर लौट आएंगे। मरे उनके दुश्मन।’

सनी देओल की टीम ने दी नई जानकारी

इधर सनी देओल की टीम ने धर्मेंद्र के हेल्थ पर ताजा अपडेट दिया है। सनी देओल की टीम की मानें तो धर्मेंद्र की सेहत में अब सुधार है और वो रिकवर कर रहे हैं। सनी की टीम ने एक्टर की अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना की अपील की है। सनी की टीम के इस बयान के बाद धर्मेंद्र के फैंस ने राहत की सांस ली है।

दादा की सेहत को लेकर चिंतित दिखे करण

इसी बीच एक वीडियो सोमवार शाम का सामने आया है जिसमें धर्मेंद्र के पोते करण देओल उनसे मिलकर अस्पताल से बाहर निकल रहे हैं। इस दौरान करण काफी उदास और गमगीन लग रहे हैं। पीछे वाली सीट पर उनके भाई राजवीर बैठे हुए नजर आ रहे हैं।

धर्मेंद्र की सेहत पर बोलीं करिश्मा तन्ना

मुंबई में जिम करने के बाद स्पॉट हुईं एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना से जब पैपराजी ने धर्मेंद्र को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि पता नहीं अभी बहुत कन्फ्यूजन बना हुआ है। लेकिन मैं उम्मीद करती हूं कि वो जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।

पापा को देखने सनी-बॉबी पहुंचे अस्पताल

हेमा और एशा के बाद अब पापा धर्मेंद्र का हाल जानने के लिए सनी देओल और बॉबी देओल भी अस्पताल पहुंच चुके हैं। सनी-बॉबी के अलावा करण देओल भी इस दौरान दादा को देखने अस्पताल पहुंचे हैं।

Exit mobile version