
आगर मालवा: मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध नलखेड़ा स्थित बगलामुखी माता मंदिर में चप्पल चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। यहां दर्शन करने पहुंचे एक नायब तहसीलदार की चप्पल चोरी हो गई, जिसके बाद उन्होंने न केवल सीसीटीवी खंगाला बल्कि चोर की पहचान कर पुलिस को आधिकारिक पत्र भी लिख दिया।
10 मिनट के भीतर गायब हुई 500 रुपये की चप्पल
जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी 2 मार्च को दोपहर करीब 3:15 बजे मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने अपनी करीब 500 रुपये की चप्पल रसीद काउंटर के पास उतारी थी। जब वह मात्र 10 मिनट बाद यानी 3:25 बजे दर्शन कर वापस लौटे, तो चप्पल वहां से गायब थी।
खुद की ‘जासूसी’ और चोर का कबूलनामा
चप्पल न मिलने पर तहसीलदार साहब ने हार नहीं मानी। उन्होंने मंदिर के सीसीटीवी फुटेज चेक किए और कर्मचारियों की मदद से एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की। चौंकाने वाली बात यह है कि जब उस व्यक्ति से पूछताछ की गई, तो उसने चप्पल चोरी करने की बात स्वीकार भी कर ली।
एसपी को लिखा पत्र: “आस्था को पहुंचती है ठेस”
नायब तहसीलदार ने इस घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक (SP) को एक आधिकारिक पत्र लिखा, जो अब वायरल हो रहा है। पत्र में उन्होंने अपनी व्यथा बताते हुए लिखा चप्पल ढूंढने में मुझे एक घंटे तक परेशान होना पड़ा। मंदिर में आए दिन जूते-चप्पल और सामान चोरी की घटनाएं होती हैं, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचती है।उन्होंने पुलिस से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
नलखेड़ा थाना प्रभारी नागेश यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।



