Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में पहली बार अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी, मुख्य अतिथि होंगे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार

जमशेदपुर: शिक्षा और शोध के क्षेत्र में जमशेदपुर अब वैश्विक संवाद का केंद्र बनने जा रहा है। जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 29 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कॉलेज के 75 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में यह पहला अवसर है, जब इस स्तर का अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक समागम आयोजित हो रहा है।

महामहिम राज्यपाल करेंगे शिरकत

इस प्रतिष्ठित आयोजन की गरिमा बढ़ाने के लिए झारखंड के राज्यपाल महामहिम संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय स्तर पर तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। संगोष्ठी की संरक्षक कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो० (डॉ०) अंजिला गुप्ता हैं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ० अमर सिंह करेंगे।

200 से अधिक वैश्विक शोधार्थियों का होगा जमावड़ा

संगोष्ठी में अब तक भारत समेत विभिन्न देशों से 200 से अधिक प्रोफेसर, शिक्षाविद, शोधकर्ता और विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस बौद्धिक मंथन मेंशिक्षा, समाज और संस्कृति का अंतर्संबंध,आधुनिक तकनीक और नवाचार,समकालीन वैश्विक चुनौतियां और उनके समाधान और शोध के नए दृष्टिकोण और भविष्य की राह पर चर्चा होगी।

कोल्हान क्षेत्र के लिए गर्व का विषय

प्राचार्य डॉ० अमर सिंह ने इस आयोजन को पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा यह संगोष्ठी न केवल हमारे कॉलेज बल्कि पूरे क्षेत्र के शैक्षणिक परिदृश्य को बदल देगी। विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर के विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और शोध की नई बारीकियों को समझने का अवसर मिलेगा। यह नवाचार और आधुनिक दृष्टिकोण को नई दिशा देने वाला मंच साबित होगा।

शोध पत्र प्रस्तुतिकरण और तकनीकी सत्र

आयोजकों के अनुसार, संगोष्ठी के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें देश-विदेश से आए विद्वान अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही पैनल डिस्कशन के जरिए शिक्षा के क्षेत्र में आ रहे बदलावों पर मंथन किया जाएगा।यह आयोजन जमशेदपुर को वैश्विक शैक्षणिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button