Jharkhand: तिरुलडीह के पांड्रा गांव में वज्रपात का कहर, दो महिलाओं की मौत

सरायकेला–खरसावां: तिरुलडीह थाना क्षेत्र के पांड्रा गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में काम कर रहीं पांच महिलाएं अचानक वज्रपात की चपेट में आ गईं। हादसे में सोनामनी महतो और मुक्ता महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।अचानक हुए वज्रपात के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
तीन घायल महिलाओं को अस्पताल में कराया गया भर्ती
ग्रामीणों की मदद से वज्रपात की चपेट में आई तीनों घायल महिलाओं को तत्काल तिरुलडीह अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें पातकुम अस्पताल रेफर किया गया।बताया जा रहा है कि फिलहाल तीनों घायल महिलाओं की स्थिति खतरे से बाहर है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़े आवश्यक तथ्यों की जानकारी जुटाई।दोनों मृत महिलाओं के शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए पुलिस द्वारा कब्जे में लेने की कार्रवाई की जा रही है।
जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष भी पहुंचे घटनास्थल
वज्रपात की घटना की जानकारी मिलने के बाद जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष कृतिबास महतो भी अपने सहयोगियों के साथ पांड्रा गांव पहुंचे। उन्होंने राहत कार्य और आवश्यक कार्रवाई में सहयोग किया।
दो मौतों से गांव में पसरा मातम
एक ही घटना में दो महिलाओं की मौत और तीन के घायल होने से पूरे पांड्रा गांव में मातम पसर गया है। मृत महिलाओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।



