Jharkhand INFACTNews

Jharkhand:शादी का झांसा देकर नाबालिग से यौन शोषण, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

गुवा : गुवा थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक यौन शोषण करने और उसे गर्भवती करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में चाईबासा जेल भेज दिया है।

शादी का झांसा और दो साल तक शोषण

गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पीड़िता गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा गांव की रहने वाली है। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बड़ानंदा गांव निवासी माना अंगरिया (23 वर्ष) पिछले दो साल से उस नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। इसी दौरान नाबालिग गर्भवती हो गई।

अस्पताल में भर्ती होने पर खुला राज

नाबालिग की तबीयत बिगड़ने पर उसे गुवा सेल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसके गर्भवती होने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘बाल अधिकार मंच’ से जुड़ी महिलाएं अस्पताल पहुंचीं और पीड़िता से पूरी जानकारी ली। इसके बाद महिलाओं ने नाबालिग के माता-पिता को प्रोत्साहित किया, जिसके आधार पर गुवा थाना में आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी

एफआईआर दर्ज होते ही थाना प्रभारी नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव में मौजूद है। पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर जगन्नाथपुर के बड़ानंदा गांव से माना अंगरिया को धर दबोचा।

आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी माना अंगरिया ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उस पर पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। रविवार शाम को ही उसे चाईबासा जेल भेज दिया गया।

पुलिस का बयान

थाना प्रभारी ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। इस मामले में भी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी कानूनी साक्ष्य मजबूती से कोर्ट में पेश किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button