Bihar INFACTNews

Bihar: सिवान में दिनदहाड़े फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर हत्या, दो बाइक पर सवार 4 बदमाशों ने घेरकर बरसाईं गोलियां

सिवान: बिहार के सिवान जिले में बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना जीबी नगर थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार के पास हुई। दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के रेपो एजेंट नीतीश कुमार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल नीतीश को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान नीतीश कुमार उर्फ पिकलू के रूप में

मृतक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के जलालपुर-माधवपुर निवासी अखिलेश्वर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के पुत्र नीतीश कुमार उर्फ पिकलू के रूप में हुई है। नीतीश एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और रेपो एजेंट के रूप में कार्यरत था।

सैलून से निकलने के बाद बदमाशों ने घेरा

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह नीतीश कुमार तरवारा बाजार स्थित एक सैलून में दाढ़ी बनवाने गया था। दाढ़ी बनवाने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसका रास्ता रोककर उसे घेर लिया।बदमाशों ने पिस्टल निकालकर नीतीश पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उसे चार गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।

हथियार लहराते फरार हुए बदमाश

वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से तरवारा बाजार में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और मृतक के स्वजन मौके पर पहुंचे। परिजन घायल नीतीश को आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

हत्या के बाद तरवारा बाजार में दहशत

दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद तरवारा बाजार में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और भय है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे स्वजन को सौंप दिया है।

सदर एसडीपीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के स्वजन से पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली।पुलिस अब हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button