NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: आजम खान पर जुल्म करने वालों को सजा मिलेगी, सपा और अखिलेश उनके साथ-शिवपाल यादव

रामपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान पर भाजपा और अधिकारियों ने जुल्म और ज्यादती की है। शिवपाल यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर आजम खान पर जुल्म करने वालों को सजा मिलेगी।शिवपाल यादव बुधवार को जौहर विश्वविद्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने जेल में बंद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की। जेल में दोनों नेताओं से करीब एक घंटे तक बातचीत हुई।

जेल में आजम खान से क्या बोले शिवपाल यादव?

शिवपाल यादव ने कहा कि पूरी समाजवादी पार्टी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आजम खान के साथ हैं। उन्होंने बताया कि जेल में आजम खान के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई।शिवपाल के मुताबिक, आजम खान ने उन्हें चुनावी दौरा करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आजम खान ने अखिलेश यादव के लिए भी चुनावी दौरा करने की बात कही है।

‘इतनी ज्यादती के बावजूद आजम खान टूटे नहीं’

सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान के साथ काफी जुल्म और ज्यादती हुई है, लेकिन इसके बावजूद वह टूटे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ आजम खान के साथ खड़ी है।शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और अधिकारियों ने आजम खान के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो जुल्म और ज्यादती करने वालों को सजा दी जाएगी।

टिकट बंटवारे पर शिवपाल यादव ने दिया जवाब

आगामी चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि टिकट वितरण के मामले में पार्टी अध्यक्ष ही सर्वेसर्वा होता है। उन्होंने संकेत दिया कि टिकट को लेकर अंतिम फैसला पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ही करेंगे।आजम खान से मुलाकात और चुनावी रणनीति पर हुई चर्चा के बाद समाजवादी पार्टी के भीतर आगामी चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button