BreakingDelhi INFACTNews

Delhi: नीट पेपर लीक पर राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला, इंडिया गठबंधन के सांसदों संग गांधी स्मृति पर किया प्रदर्शन

नई दिल्ली: नीट पेपर लीक विवाद को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को एक बार फिर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ वह 30 जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति पहुंचे और छात्रों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने और छात्रों से माफी मांगने की मांग की।

‘सरकार लोकतंत्र और छात्रों की आवाज दबा रही है’

गांधी स्मृति पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी की हत्या इसी स्थान पर हुई थी और आज केंद्र सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर अत्याचार हो रहा है और उनकी आवाज दबाई जा रही है।राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है और सरकार को शिक्षा मंत्री को हटाकर छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।

‘पूरा विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है’

राहुल गांधी ने कहा कि वे उन छात्रों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं, जिन्होंने कथित तौर पर नीट पेपर लीक के बाद अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि जो छात्र न्याय और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, उनके साथ विपक्ष मजबूती से खड़ा है।उन्होंने कहा कि भारत के छात्र अकेले नहीं हैं और पूरा विपक्ष उनकी मांगों का समर्थन करता है।

गांधी स्मृति के बाहर कांग्रेस और एनएसयूआई का प्रदर्शन

गांधी स्मृति के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई के सदस्यों ने राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की।

कार्ति चिदंबरम ने उठाए परीक्षा प्रणाली पर सवाल

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक दोषियों की जवाबदेही तय नहीं की गई है और विपक्ष छात्रों की मांगों को संसद से लेकर सड़क तक उठा रहा है।

इंडिया गठबंधन के कई नेता रहे मौजूद

राहुल गांधी के साथ प्रदर्शन और बैठक में इंडिया गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमें प्रमुख रूप से—अरविंद सावंत (शिवसेना-यूबीटी ),सुप्रिया सुले (एनसीपी -शरद पवार गुट),महुआ मोइत्रा (टीएमसी ),महुआ मांझी (जेएमएम ),सौगत राय (टीएमसी ),मीसा भारती (आरजेडी ),संजय यादव (आरजेडी ),जॉन ब्रिटास (सीपीएम ),पी. संतोष कुमार (सीपीआई ),रामजी लाल सुमन (एसपी ),ई.टी. मोहम्मद बशीर (आईयूएमएल )
हालांकि, अखिलेश यादव इस बैठक में शामिल नहीं हो सके।

संसद में भी जारी है गतिरोध

नीट यूजी पेपर लीक विवाद को लेकर संसद के दोनों सदनों में भी गतिरोध बना हुआ है। विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और राज्यसभा में नियम 267 के तहत चर्चा की मांग कर रहा है।वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि वह नीट विवाद पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को किसी प्रकार की शर्त नहीं रखनी चाहिए।

सरकार का जवाब

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार नीट मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष शर्तें लगाकर संसद की कार्यवाही में बाधा डाल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button