Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: कोडरमा में एनआईए ने विस्फोटक मैगजीन संचालक शंकर यादव और सहयोगी को किया गिरफ्तार, भारी नकदी मिलने की सूचना

कोडरमा/डोमचांच:राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने गुरुवार तड़के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए विस्फोटक मैगजीन संचालक शंकर यादव और उसके सहयोगी महेश कुमार मेहता को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान शंकर यादव के आवास से भारी मात्रा में नकदी मिलने की सूचना है। हालांकि, बरामद नकदी की आधिकारिक पुष्टि या राशि का खुलासा अभी नहीं किया गया है।

सुबह 4 बजे शुरू हुई छापेमारी

जानकारी के अनुसार,एनआईए की टीम पश्चिम बंगाल से गुरुवार सुबह करीब 4 बजे कोडरमा पहुंची और नवादा मौजा स्थित विस्फोटक मैगजीन पर छापेमारी शुरू की। एजेंसी को यहां अवैध रूप से विस्फोटकों के भंडारण और सप्लाई की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।

आवास से दस्तावेज जब्त, पूछताछ के बाद गिरफ्तारी

एनआईए ने मैगजीन के अलावा बतडीहा स्थित शंकर यादव के आवास पर भी तलाशी ली। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की गई और संदिग्ध कागजात जब्त किए गए। इसके बाद शंकर यादव को हिरासत में लेकर कोडरमा थाना लाया गया, जहां पूछताछ की गई।

एसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की

जिले के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने पुष्टि करते हुए बताया कि एनआईए ने शंकर यादव के साथ उसके सहयोगी महेश कुमार मेहता, निवासी नावाडीह (डोमचांच थाना क्षेत्र), को भी गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले का संबंध कोलकाता से जुड़े एक प्रकरण से है।

बांकुड़ा डायनामाइट विस्फोट मामले से जुड़े तार

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के साल्टोरा में वर्ष 2024 में हुए डायनामाइट विस्फोट मामले से जुड़ी है। बताया जाता है कि अवैध खनन के लिए मोटरसाइकिल से डायनामाइट ले जाते समय हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद मामले की एनआईए जांच की मांग उठी थी और शंकर यादव से पहले भी पूछताछ की गई थी।फिलहाल एनआईए अवैध विस्फोटक सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों की गहन जांच कर रही है और नवलशाही स्थित मैगजीन में अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button