NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: अलीगढ़ में कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले बवाल, नेताओं के बीच मारपीट; वायरल हुआ हंगामे का वीडियो

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने से ठीक पहले जमकर हंगामा हो गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी तौकीर आलम के संबोधन से पहले कार्यक्रम स्थल पर विवाद इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद लोगों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक व्यक्ति को पीटते हुए कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ बाहरी लोग जबरन प्रवेश कर गए हैं। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले, जिससे कार्यक्रम कुछ देर के लिए बाधित हो गया।

महानगर अध्यक्ष नावेद खान ने दी सफाई

घटना पर कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष नावेद खान ने कहा कि एक बाहरी व्यक्ति, जो कथित तौर पर नशे की हालत में था, कार्यक्रम में घुस आया था। उनके मुताबिक वह व्यक्ति कांग्रेस का सदस्य नहीं था और पहले किसी पार्टी कार्यक्रम में भी नहीं देखा गया था।उन्होंने बताया कि जब उस व्यक्ति को कार्यक्रम से बाहर जाने के लिए कहा गया तो उसने अभद्र व्यवहार किया और मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

सुरक्षा व्यवस्था और संगठन पर उठे सवाल

इस घटना के बाद कांग्रेस की कार्यक्रम व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि आखिर एक बाहरी व्यक्ति कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंच गया और विवाद इतना बढ़ने से पहले उसे रोका क्यों नहीं गया।

पार्टी के लिए बनी नई चुनौती

इस घटना ने कांग्रेस के अंदरूनी समन्वय और संगठनात्मक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद विपक्ष भी कांग्रेस पर निशाना साध रहा है। ऐसे में पार्टी के सामने चुनौती है कि वह आंतरिक विवादों को सुलझाकर एकजुटता का संदेश दे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोक सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button