BreakingNewsUP INFACT

Uttar Pradesh: लखनऊ में पेपर लीक के खिलाफ इको गार्डन में जुटेंगे हजारों छात्र, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के अभिजीत दीपके और आइसा भी प्रदर्शन में शामिल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का इको गार्डन शुक्रवार, 12 जून को एक बार फिर छात्र आक्रोश का गवाह बनने जा रहा है। प्रदेश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं और लटकी भर्ती प्रक्रियाओं के विरोध में युवाओं और बेरोजगार अभ्यर्थियों ने एक बड़े धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया है।इस छात्र आंदोलन को अब विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों का भी पुरजोर समर्थन मिल रहा है। सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर इस आंदोलन में खुद शामिल होने और युवाओं की आवाज बुलंद करने की आधिकारिक घोषणा की है।

“युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं”— अभिजीत दीपके

अपने वीडियो संदेश में युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील करते हुए अभिजीत दीपके ने सरकार की परीक्षा प्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा “मेहनत करने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ यह भद्दा मजाक और खिलवाड़ अब हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का न सिर्फ कीमती समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि उनके माता-पिता का पैसा और उम्मीदें भी टूट रही हैं। हम पूरी ताकत से इन बेरोजगार युवाओं की आवाज उठाएंगे और सरकार से परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी व मजबूत बनाने की मांग करेंगे।”उन्होंने मांग की है कि हाल के दिनों में हुए सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और इसके पीछे सक्रिय ‘शिक्षा माफिया’ व दोषियों के खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई हो जो नजीर बने।

प्रयागराज के बाद अब लखनऊ में दिखेगा ‘छात्र शक्ति’ का दम

इस आंदोलन की रूपरेखा के बारे में जानकारी देते हुए ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के लखनऊ विश्वविद्यालय अध्यक्ष शांतम निधि ने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि विशुद्ध रूप से छात्रों का अपना आंदोलन है। शांतम निधि ने बताया कि पिछले महीने प्रयागराज में छात्रों ने पेपर लीक मामले को लेकर एक ऐतिहासिक और विशाल धरना दिया था। यह प्रदर्शन उसी कड़ी का हिस्सा है। प्रयागराज के छात्रों की अपील पर ही आईसा और कॉकरोच जनता पार्टी इस आंदोलन में सहयोगी और समर्थक के रूप में शामिल हो रहे हैं। छात्र नेताओं ने बताया कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आईसा की ओर से स्थानीय पुलिस और लखनऊ प्रशासन को लिखित रूप में धरने की पूर्व सूचना दे दी गई है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से भारी संख्या में पहुंच रहे हैं अभ्यर्थी

12 जून (शुक्रवार) को होने वाले इस प्रदर्शन को लेकर इको गार्डन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। खुफिया इनपुट और छात्र संगठनों के दावों के मुताबिक, पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों से हजारों की तादाद में पीड़ित छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा आज रात से ही लखनऊ पहुंचना शुरू हो जाएंगे।छात्रों का साफ कहना है कि जब तक सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में ठोस सुधार और फुल-प्रूफ परीक्षा प्रणाली का खाका सामने नहीं रखती, उनका यह लोकतांत्रिक विरोध और तेज होता जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button