Jharkhand: राज्यसभा चुनाव के लिए झारखंड से प्रणव झा होंगे कांग्रेस उम्मीदवार, लंबे समय तक संगठन में काम करने का मिला इनाम

रांची: झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रणव झा को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। इस घोषणा के साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लग गया है।राजनीतिक गलियारों में इसे दोनों दलों के बीच बेहतर समन्वय और गठबंधन की मजबूती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
कौन हैं प्रणव झा?
प्रणव झा मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड स्थित आनंदीपुर गांव के निवासी हैं। उनका झारखंड के बोकारो क्षेत्र से भी जुड़ाव बताया जाता है।वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में सक्रिय हैं और वर्तमान में कांग्रेस के संचार विभाग से जुड़े वरिष्ठ नेता के रूप में कार्य कर रहे हैं। संगठन में उनकी पहचान एक कुशल मीडिया रणनीतिकार और मीडिया मैनेजर के रूप में रही है।
खरगे के करीबी नेताओं में होती है गिनती
प्रणव झा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का करीबी माना जाता है। पार्टी संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और लंबे समय से केंद्रीय नेतृत्व के साथ काम करने के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने का फैसला उनके संगठनात्मक योगदान का सम्मान भी है।
कांग्रेस संगठन में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां
प्रणव झा कई वर्षों से कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालते रहे हैं। मीडिया प्रबंधन, पार्टी की रणनीति और संचार तंत्र को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दिल्ली की राजनीति में उनकी सक्रिय मौजूदगी ने उन्हें पार्टी नेतृत्व के भरोसेमंद चेहरों में शामिल किया है।
गठबंधन की एकजुटता का संदेश
कांग्रेस द्वारा प्रणव झा को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रमुख घटक जेएमएम और कांग्रेस के बीच राज्यसभा सीट को लेकर सहमति बन चुकी है। इससे गठबंधन की एकजुटता का संदेश भी गया है।



