Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, घायल भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू का जाना हाल

जमशेदपुर: रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ बुधवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बलमुचू से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गीता बालमुचू के जल्द स्वस्थ होने की कामना

केंद्रीय मंत्री ने अस्पताल में भर्ती गीता बालमुचू से मुलाकात के दौरान उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में रहने के बावजूद गीता बालमुचू लगातार संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ले रही हैं।संजय सेठ ने विश्वास जताया कि चिकित्सकों की सलाह के अनुसार वह जल्द स्वस्थ होकर पार्टी की गतिविधियों में फिर से सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

झारखंड सरकार पर बोला हमला

मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने झारखंड सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य की आर्थिक, शैक्षणिक और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कांग्रेस के सहारे चल रही है और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।

वित्तीय संकट का लगाया आरोप

संजय सेठ ने दावा किया कि झारखंड गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों, शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे राज्य की आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में वेतन भुगतान को लेकर और भी कठिनाइयां सामने आ सकती हैं।

शिक्षा और कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता

शिक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य के हजारों विद्यालय एकल शिक्षक व्यवस्था के भरोसे संचालित हो रहे हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर उत्साह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित झारखंड दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। यह दौरा संगठन को और मजबूती देगा तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा।

राज्यसभा उम्मीदवार पर जल्द फैसला

राज्यसभा चुनाव के संबंध में पूछे गए सवाल पर संजय सेठ ने कहा कि भाजपा एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाएगी। पार्टी जल्द ही उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेगी।

दिल्ली हादसे पर जताया दुख

दिल्ली के मालवीय नगर में हुए हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि संबंधित प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button