Bihar: पटना में आरजेडी विधायक के भाई से चेन स्नैचिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पटना। बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह कंकड़बाग इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने राहुल कुमार उर्फ राहुल शर्मा के भाई रोहित कुमार के गले से सोने की चेन झपट ली। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान वारदात
जानकारी के मुताबिक कंकड़बाग स्थित पंच शिवमंदिर के पास शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे रोहित कुमार अपने दोस्त के साथ टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर रोहित के गले से सोने की चेन छीन ली और दोनों तेजी से फरार हो गए।बताया जा रहा है कि बदमाश शालीमार स्वीट्स की ओर भाग निकले। रोहित और उनके दोस्त ने अपराधियों को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने चेन झपटी। हालांकि दोनों अपराधी हेलमेट पहने हुए थे, जिसकी वजह से उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बिहार पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की गई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। कंकड़बाग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश जारी है।
11 दिनों में दूसरी बड़ी चेन स्नैचिंग
पटना में पिछले 11 दिनों के भीतर चेन स्नैचिंग की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 4 मई को पारस अस्पताल के पीछे बदमाशों ने एक दंपती को घेरकर महिला के गले से सोने की चेन लूट ली थी। उस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने लोगों पर पिस्तौल भी तान दी थी।बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था और लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई थी।



