Delhi INFACTNews

Delhi: नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई का बड़ा एक्शन,5 आरोपी गिरफ्तार

केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई ने कथित नीट यूजी -2026 पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी मामले में बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही देशभर के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी भी की गई।

जयपुर, नासिक और गुरुग्राम से गिरफ्तार हुए आरोपी

सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में तीन आरोपी जयपुर से पकड़े गए हैं। इनकी पहचान मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल के रूप में हुई है।इसके अलावा नासिक से शुभम खैरनार और गुरुग्राम से यश यादव को गिरफ्तार किया गया है। मामले में कई अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ जारी है।

नासिक में आरोपी के घर सीबीआई की छापेमारी

सीबीआई ने बुधवार को नासिक के नांदगांव स्थित आरोपी शुभम खैरनार के घर पर छापेमारी की। जांच एजेंसी की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घर की तलाशी ली और परिवार के सदस्यों से कई घंटों तक पूछताछ की।बताया गया कि शुभम खैरनार को मंगलवार को हिरासत में लिया गया था।

शिक्षा मंत्रालय की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

सीबीआई ने शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। शिकायत में नीट यूजी -2026 परीक्षा के संचालन में अनियमितता और पेपर लीक के गंभीर आरोप लगाए गए थे।

कई धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर

एफआईआर में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात समेत भारतीय न्याय संहिता, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम 2024 की विभिन्न धाराएं शामिल हैं।

देशभर में तलाशी अभियान जारी

जांच एजेंसी ने देशभर के कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।सीबीआई इस मामले में राजस्थान एसओजी के साथ समन्वय कर रही है, जिसने शुरुआती जांच की थी। एजेंसी तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के जरिए पेपर लीक नेटवर्क के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

निष्पक्ष जांच का दावा

सीबीआई ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष, व्यापक और पेशेवर तरीके से जांच जारी रहेगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button