Bihar: मुजफ्फरपुर में दो चचेरी बहनों की निर्मम हत्या, सिर और हाथ-पांव कटा शव मिलने से सनसनी

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरी थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में दो मासूम बच्चियों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। तीन दिन से लापता दोनों चचेरी बहनों का सिर, हाथ और पैर कटा शव बुधवार सुबह चौर से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
चौर में मिला दोनों बच्चियों का शव
जानकारी के अनुसार मकसूदपुर गांव निवासी राजेश राय की 12 वर्षीय पुत्री मौसमी कुमारी और वीरचंद्र कुमार की 7 वर्षीय पुत्री रूची कुमारी रविवार से लापता थीं। बुधवार सुबह दोनों बच्चियों का शव मकसूदपुर में धीरू राय के भट्ठा के पास चौर में मिला।शव की हालत बेहद भयावह थी। दोनों बच्चियों के सिर, हाथ और पैर कटे हुए थे। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेलते समय अचानक हुई थीं गायब
परिजनों के अनुसार दोनों बच्चियां रविवार को घर के पास खेल रही थीं। शुरुआत में परिवार को लगा कि गांव में चल रही बख्तोर भूईया बाबा की पूजा में गई होंगी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की।काफी तलाश के बावजूद जब दोनों बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला तो मंगलवार सुबह रामपुरहरी थाना पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने अपहरण की धारा में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एफएसएल और पुलिस टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।रामपुरहरी थाना अध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि दोनों बच्चियों के गायब होने के बाद से ही पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी। उन्होंने कहा कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गांव में आक्रोश और दहशत
दो मासूम बच्चियों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में गुस्सा और डर का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



