Jharkhand INFACTNews

Jharkhand : चांडिल के जामडीह गांव में 16 जंगली हाथियों का उत्पात, दो राशन दुकानों को किया तहस-नहस

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तिल्ला टोला जामडीह गांव में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। करीब 16 हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और राशन दुकानदारों के घरों व दुकानों को निशाना बनाते हुए भारी नुकसान पहुंचाया।जानकारी के अनुसार हाथियों ने गांव के राशन दुकानदार मदन दास के घर को तोड़ डाला। इसके बाद हाथियों का झुंड उनकी दुकान में घुस गया और वहां रखे आटा, आलू सहित अन्य खाद्य सामग्री को खा गया।

दुकान में रखे कंप्यूटर और वजन मशीन भी किए क्षतिग्रस्त

हाथियों के झुंड ने दुकान में रखे सामान को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। दुकान में रखा कंप्यूटर और वजन मशीन को भी हाथियों ने पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दूसरी राशन दुकान को भी बनाया निशाना

हाथियों का उत्पात यहीं नहीं रुका। झुंड ने गांव के ही सनातन सिंह की राशन दुकान को भी निशाना बनाया। हाथियों ने वहां रखे आलू को भी चट कर दिया और दुकान के आसपास काफी नुकसान पहुंचाया।

हाथियों की चिंघाड़ से दहशत में रहे ग्रामीण

तड़के सुबह हाथियों की चिंघाड़ से पूरे गांव में दहशत फैल गई। लोग डर के कारण अपने-अपने घरों में दुबके रहे और बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं पूर्व जिला पार्षद

घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व जिला पार्षद अनिता पारित मौके पर पहुंचीं और प्रभावित लोगों से मिलकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग से दूरभाष पर बात कर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

गांव के आसपास डेरा जमाए हुए हैं हाथियों के झुंड

फॉरेस्टर राधारणन ठाकुर ने बताया कि करीब 16 जंगली हाथियों का झुंड क्षेत्र में मौजूद है। इनमें से कुछ हाथी रसुनिया इलाके में और बाकी तिल्ला क्षेत्र में डेरा जमाए हुए हैं। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button