Bengal: बंगाल चुनाव से पहले टेनिस स्टार लिएंडर पेस भाजपा में शामिल, बोले- ‘2036 ओलंपिक के सपने को करना है साकार’

नई दिल्ली/कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़ी ममता बनर्जी सरकार को एक बड़ा झटका लगा है। विश्व प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी और पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता लिएंडर पेस मंगलवार को विधिवत रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार की उपस्थिति में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
“यह महज पर्ची नहीं, देश सेवा का अवसर है”
भाजपा में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस ने इसे अपने जीवन का एक बड़ा दिन बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और नितिन नवीन का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा की सदस्यता उनके लिए युवाओं और देशवासियों की सेवा का एक बड़ा मौका है। उन्होंने खेलों के प्रति प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण की सराहना की और ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों को गेम-चेंजर बताया। पेस ने विश्वास जताया कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी और उसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह सक्षम है।
बंगाल के इंफ्रास्ट्रक्चर पर उठाए सवाल
लिएंडर पेस ने अपने गृह राज्य पश्चिम बंगाल की खेल सुविधाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा “मेरा जन्म बंगाल में हुआ, मेरी मां वहां से हैं, लेकिन जब मैं सीख रहा था तब वहां पर्याप्त मौका और इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं था।”उनकी इच्छा है कि बंगाल के लड़के और लड़कियों, दोनों को खेलों में बराबर के मौके मिलें और राज्य में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित हों।
ममता बनर्जी के लिए क्यों है यह बड़ा झटका?
लिएंडर पेस बंगाल के एक प्रतिष्ठित और सम्मानित व्यक्तित्व हैं। चुनाव से ठीक पहले उनका पाला बदलना भाजपा के लिए एक बड़ा ‘क्रेडिबिलिटी बूस्टर’ माना जा रहा है। पेस आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए स्टार प्रचारक की भूमिका निभाएंगे, जो युवाओं और खेल प्रेमियों को आकर्षित कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि 24 मार्च को कोलकाता में नितिन नवीन से मुलाकात के बाद ही उनकी घर वापसी की पटकथा लिखी जा चुकी थी।लिएंडर पेस की एंट्री ने बंगाल के चुनावी समर को और भी रोचक बना दिया है। अब देखना यह होगा कि खेल के मैदान का यह ‘चैंपियन’ राजनीति की पिच पर भाजपा के लिए कितने ‘एस’ लगा पाता है।



