Bihar: औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली घटना, चाचा ने तीन मासूम भतीजा-भतीजियों की हत्या की

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में एक सनकी चाचा ने अपने ही तीन मासूम भतीजा-भतीजियों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मृत बच्चों की पहचान गुड्डू पाल के पुत्र अनीश कुमार (10 वर्ष), आयुष कुमार (7 वर्ष) और पुत्री अनुष्का कुमारी (5 वर्ष) के रूप में हुई है।
कटर मशीन से गला काटकर की हत्या
जानकारी के अनुसार आरोपी चाचा अमंत पाल ने घर में घुसते ही कटर मशीन से तीनों बच्चों का गला काट दिया। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही तीनों मासूमों की मौत हो गई।बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में उनकी मां अनीता देवी मौजूद थीं। अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
स्पीकर तेज कर वारदात को दिया अंजाम
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी सुबह घर से बाइक लेकर कहीं गया था। लौटने के बाद उसने घर का दरवाजा खटखटाया। उस समय उसकी भाभी स्नान कर रही थीं, जिसके कारण दरवाजा खोलने में थोड़ी देर हुई।दरवाजा खुलते ही आरोपी घर में घुसा और स्पीकर को तेज आवाज में चला दिया। इसके बाद उसने कटर मशीन से तीनों बच्चों का एक-एक कर गला काट दिया।
हत्या के बाद खुद भी की आत्महत्या की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अमंत पाल ने खुद भी अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए हसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हत्या की वजह अब तक साफ नहीं
फिलहाल इस दिल दहला देने वाली घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आ पाई है। जानकारी के अनुसार आरोपी अमंत पाल की अभी शादी नहीं हुई है।घटना की सूचना मिलते ही बिहार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दाउदनगर अनुमंडल के एसडीपीओ अशोक कुमार दास भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पिता करते हैं ट्रेन में काम
बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता गुड्डू पाल रेलवे की पैंट्री कार में खाना बनाने का काम करते हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के पीछे की वजह का खुलासा किया जाएगा।



