Jharkhand: सरायकेला में मुर्गियों से लदी पिकअप पलटी, ग्रामीणों में मची लूट की होड़

सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र के कालिया डूंगरी के पास मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे पोल्ट्री मुर्गियों से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में लदी मुर्गियां उठानी शुरू कर दीं। देखते ही देखते घटनास्थल पर मुर्गियां ले जाने वालों की भीड़ जुट गई।
पुलिस को देखते ही मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही मुर्गियां ले जा रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाना ले आई।
वाहन मालिक की शिकायत पर होगी आगे की कार्रवाई
इस संबंध में थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची थी। वहां एक युवक को मुर्गियां ले जाने के मामले में पकड़कर पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि दुर्घटना किसी भी कारण से हो, लेकिन किसी दूसरे की संपत्ति को ले जाने या लूटने का अधिकार किसी को नहीं है। वाहन मालिक की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद सामान लूटने की प्रवृत्ति पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर सड़क दुर्घटनाओं के बाद राहत और बचाव के बजाय सामान लूटने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद जरूरतमंदों की मदद करने के बजाय मुर्गियां उठाने की होड़ सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े करती है।



