Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: 10 साल बाद छठ मनाने जमशेदपुर पहुंचीं टीवी अभिनेत्री पूजा सिंह, परिवार के साथ घर पर की पूजा

जमशेदपुर: मशहूर टीवी अभिनेत्री पूजा सिंह इस वर्ष महापर्व छठ पूजा मनाने के लिए 10 साल बाद अपने गृह नगर जमशेदपुर पहुंचीं। स्टार प्लस के चर्चित धारावाहिक ‘दीया और बाती हम’ में इमली-बिमिली के किरदार और ‘शक्ति’ जैसे शो से घर-घर में पहचान बनाने वाली पूजा ने अपने घर पर परिवार के साथ छठ पर्व मनाया।

शूटिंग के व्यस्त शेड्यूल के कारण नहीं आ पा रही थीं जमशेदपुर

पूजा सिंह ने बताया कि मुंबई में शूटिंग के बेहद व्यस्त शेड्यूल के कारण पिछले करीब 10 वर्षों से उन्हें छठ पूजा के अवसर पर जमशेदपुर आने का समय नहीं मिल पा रहा था। इस वजह से उनकी मां को भी उनके साथ मुंबई में ही छठ पूजा मनानी पड़ती थी।उन्होंने कहा कि इस बार छठी मैया की कृपा से उन्हें अपने शहर और घर लौटकर परिवार के साथ इस पावन पर्व में शामिल होने का अवसर मिला है।

विदेशों तक पहुंची छठ की धूम, लेकिन अपने शहर का उत्साह अलग

मुंबई और जमशेदपुर में छठ पूजा के आयोजन के अंतर पर पूजा सिंह ने कहा कि अब छठ एक अंतरराष्ट्रीय पर्व बन चुका है। अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों में भी श्रद्धालु छठ पूजा करते हैं। मुंबई के जुहू और वर्ली सी-लिंक जैसे समुद्र तटों पर भी छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं।हालांकि, उन्होंने कहा कि बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश इस पर्व की असली जड़ें हैं। इसलिए इन राज्यों में छठ को लेकर लोगों का उत्साह दोगुना देखने को मिलता है।

मां 16 वर्षों से कर रही हैं छठ व्रत, खुद भी व्रत रखने की इच्छा

अभिनेत्री ने बताया कि छठ पूजा बेहद कठिन व्रत है और इसे करने वालों पर छठी मैया की विशेष कृपा होती है। उनकी मां पिछले 16 वर्षों से अधिक समय से लगातार छठ व्रत कर रही हैं।पूजा सिंह ने छठी मैया से प्रार्थना की कि भविष्य में उन पर भी ऐसी कृपा बनी रहे कि वह स्वयं भी यह कठिन व्रत रख सकें। 10 साल बाद अपने गृह नगर में परिवार के साथ छठ मनाना उनके लिए खास अवसर रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button