Jharkhand: रायमती मुर्मू बनीं राजनगर की नई प्रमुख, 12 मतों से हासिल की जीत

राजनगर। राजनगर प्रखंड सभागार में शनिवार को प्रखंड प्रमुख का चुनाव निर्वाचन पदाधिकारी अभिनव प्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। चुनाव में कुल 25 पंचायत समिति सदस्यों ने हिस्सा लिया। प्रमुख पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की थी। इनमें पूर्व प्रमुख आरती हांसदा, धानी हेंब्रम और रायमती मुर्मू शामिल थीं।नामांकन पत्रों की जांच में तीनों उम्मीदवारों के पर्चे वैध पाए गए। इसके बाद मतदान कराया गया। मतगणना में रायमती मुर्मू को सर्वाधिक 12 वोट मिले और उन्होंने प्रखंड प्रमुख का चुनाव जीत लिया। वहीं धानी हेंब्रम को 9 मत मिले, जबकि पूर्व प्रमुख आरती हांसदा को महज 4 वोटों से संतोष करना पड़ा।
रायमती मुर्मू ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
जीत के बाद निर्वाचन पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने नवनिर्वाचित प्रमुख रायमती मुर्मू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद पंचायत समिति सदस्यों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर बधाई दी।शपथ ग्रहण के बाद रायमती मुर्मू ने पंचायत समिति सदस्यों के साथ राजनगर स्थित वीर सिदो-कान्हू चौक और झलक चौक पर स्थापित बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बचे कार्यकाल में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का संकल्प
नवनिर्वाचित प्रमुख रायमती मुर्मू ने कहा कि पंचायत समिति का यह कार्यकाल काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। बचे हुए कार्यकाल में अधिक से अधिक विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सभी पंचायत समिति सदस्यों के मान-सम्मान का ध्यान रखते हुए आपसी समन्वय और सहयोग से क्षेत्र के विकास के लिए काम किया जाएगा।
एक ही कार्यकाल में तीन प्रमुख बनने का रिकॉर्ड
राजनगर प्रखंड में यह कार्यकाल राजनीतिक उठापटक के लिए याद किया जाएगा। एक ही कार्यकाल में अब तक तीन प्रखंड प्रमुख चुने जा चुके हैं। सबसे पहले ऑलिव ग्रेस कुल्लू प्रखंड प्रमुख बनी थीं। उनके निधन के बाद आरती हांसदा को दूसरी प्रमुख चुना गया।हालांकि, इसी वर्ष मार्च में पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के जरिए आरती हांसदा को पद से हटा दिया था। इसके बाद अब रायमती मुर्मू तीसरी प्रखंड प्रमुख चुनी गई हैं।इस दौरान उप प्रमुख सुमना देवी ने भी दो बार छह-छह महीने तक प्रभारी प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली। एक ही कार्यकाल में बार-बार प्रमुख बदलने की इस राजनीतिक उठापटक को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं होती रही हैं। अब नई प्रमुख के निर्वाचन के बाद पंचायत समिति के बचे हुए कार्यकाल में विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



