Jharkhand: छठ पर टाटानगर स्टेशन में ट्रेनों के समय रही सतर्कता, बक्सर एक्सप्रेस में अपेक्षा से कम दिखी भीड़

जमशेदपुर: छठ महापर्व को लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही जारी है। शनिवार सुबह स्टेशन से रवाना हुई बक्सर एक्सप्रेस में आम दिनों की तरह ही यात्री नजर आए। वहीं, छठ को लेकर उमड़ रही भीड़ बक्सर एक्सप्रेस की अपेक्षा पुरी-आनंद विहार पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में अधिक रही।दोनों ट्रेनों के आवागमन के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक और तीन पर रेल कर्मचारियों की टीम के साथ आरपीएफ के जवान सतर्क रहे, ताकि यात्रियों की भीड़ के बीच किसी तरह की अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न न हो।
शुक्रवार को सात ट्रेनों से रवाना हुए थे छठ यात्री
बताया जाता है कि शुक्रवार को सात ट्रेनों से छठ पर्व मनाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री बिहार के विभिन्न स्टेशनों के लिए रवाना हुए थे। इसी वजह से शनिवार को बक्सर एक्सप्रेस में रेलवे की अपेक्षा कम भीड़ देखने को मिली।
खरना और पहले अर्घ्य में शामिल होने के लिए कर रहे थे यात्रा
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बक्सर एक्सप्रेस और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले अधिकतर लोग छठ करने के लिए नहीं, बल्कि खरना का प्रसाद ग्रहण करने और छठ के पहले अर्घ्य में शामिल होने के उद्देश्य से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे।रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ की सतर्कता के बीच दोनों ट्रेनों का परिचालन हुआ।



