
अयोध्या: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूर्व मंत्री एवं सपा नेता तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने बताया कि दर्शन के लिए मुहूर्त पहले ही निकलवाया जा चुका है। इसी के आधार पर 12 दिसंबर की तारीख तय की गई है।पवन पांडेय के मुताबिक, अखिलेश यादव ने पहले ही कहा था कि सैफई में केदारेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा के बाद वह अयोध्या आकर राममंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। इसी कार्यक्रम के तहत उनका अयोध्या आगमन प्रस्तावित है। वह अपनी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव के साथ राममंदिर पहुंचेंगे। रामलला के दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी में मत्था टेकेंगे। इसके अलावा साधु-संतों और महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेने का भी कार्यक्रम है।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार रामलला के दर्शन करेंगे अखिलेश
पवन पांडेय ने कहा कि अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और तैयारियां पूरी हैं। मोबाइल पर संदेश भेजकर कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।गौरतलब है कि जनवरी 2024 में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अखिलेश यादव पहली बार राममंदिर में दर्शन करेंगे।
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर भाजपा-सपा में जुबानी जंग तेज
अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच बयानबाजी भी शुरू हो गई है। रुदौली से भाजपा विधायक रामचंद्र यादव ने दौरे की चर्चा को सपा का प्रोपेगेंडा बताया है। वहीं, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन ने संतों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है।
दौरे की चर्चा सपा का प्रोपेगेंडा : रामचंद्र यादव
भाजपा विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश यादव ने अभी तक खुद अपने अयोध्या दौरे की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में उनके आने की बात कैसे मानी जा सकती है। उन्होंने इसे समाजवादी पार्टी की ओर से भ्रम फैलाने का पुराना तरीका बताया।विधायक ने सपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें संसद में प्रोफेसर रामगोपाल यादव और मुलायम सिंह यादव की ओर से दिए गए बयानों का भी संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को पहले अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पूर्व में दिए गए बयानों पर ध्यान देना चाहिए।
मुलायम ने कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश नहीं दिया था : पवन पांडेय
वहीं, अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर पूर्व मंत्री एवं सपा नेता तेज नारायण पांडेय पवन ने संतों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने कारसेवकों पर गोली चलवाने का आदेश नहीं दिया था। इस मुद्दे पर बार-बार आरोप लगाना महज दिखावे की बातें हैं।पवन पांडेय ने दावा किया कि अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सम्मेलन करने वाले संत सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी के साथ हैं। उनका आशीर्वाद भी अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के साथ है। उन्होंने संतों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि इस तरह की बातें करके केवल राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।इस तरह 12 दिसंबर को प्रस्तावित अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर एक ओर सपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा और सपा नेताओं के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है।



