Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर में 15 नवंबर से शुरू होगा ‘संवाद-2026’, 26 राज्यों के 353 जनजातीय समुदायों के 2,500 प्रतिनिधि होंगे शामिल

जमशेदपुर: टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आयोजित जनजातीय समुदायों का प्रमुख सम्मेलन ‘संवाद-2026’ इस वर्ष 15 से 19 नवंबर तक जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित होगा। सम्मेलन के 13वें संस्करण में देशभर के 26 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 353 जनजातीय समुदायों के कम से कम 2,500 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। पांच दिवसीय आयोजन में जनजातीय संस्कृति, परंपरा, ज्ञान, कला और सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श होगा।इस वर्ष का आयोजन झारखंड राज्य स्थापना के 26वें वर्ष और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। वर्ष 2014 में शुरुआत के बाद ‘संवाद’ जनजातीय समुदायों के बीच विचारों के आदान-प्रदान, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामुदायिक विकास का राष्ट्रीय मंच बन चुका है। अब तक इससे 353 जनजातीय समुदायों के 1.3 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं।

पीवीटीजी समुदायों की 15 प्रतिशत भागीदारी, 55 प्रतिशत पहली बार लेंगे हिस्सा

संवाद-2026 में 15 प्रतिशत भागीदारी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) की होगी। वहीं, 55 प्रतिशत प्रतिभागी पहली बार इस आयोजन में शामिल होंगे।सम्मेलन की तैयारी के तहत अप्रैल 2026 से देश के विभिन्न हिस्सों में 21 क्षेत्रीय संवाद, कार्यशालाएं और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 6,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

14 राज्यों के 22 जनजातीय समुदायों के होम शेफ पेश करेंगे पारंपरिक व्यंजन

सम्मेलन में जनजातीय खानपान और पाक परंपराओं को विशेष स्थान दिया जाएगा। 14 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 22 जनजातीय समुदायों के 70 महिला एवं पुरुष होम शेफ अपने पारंपरिक व्यंजनों को पेश करेंगे। इसके लिए विशेष फूड स्टॉल, पाक कला प्रदर्शन और खानपान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।वहीं, ‘रिदम्स ऑफ द अर्थ’ कार्यक्रम के तहत आठ राज्यों के 14 जनजातीय समुदायों के 43 कलाकार सात मौलिक संगीत प्रस्तुतियां तैयार करेंगे। इनमें मुंडा, उरांव, राभा, बोडो, लेपचा, संथाल और हो समुदायों की संगीत परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

142 जनजातीय शिल्पकार लगाएंगे 68 स्टॉल, 1.5 करोड़ के कारोबार की उम्मीद

संवाद में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 34 जनजातीय समुदायों के 142 शिल्पकार अपने उत्पादों और हस्तकलाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए कुल 68 स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजकों को इस वर्ष करीब 1.5 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। पिछले वर्ष शिल्पकारों ने 1.06 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

207 पारंपरिक चिकित्सक साझा करेंगे जनजातीय स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान

इस आयोजन में 28 जनजातीय समुदायों के 207 पारंपरिक चिकित्सक अपनी पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों और उपचार संबंधी ज्ञान को साझा करेंगे।वहीं, ‘अखड़ा’ कार्यक्रम में 26 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 166 जनजातीय समुदायों के 675 प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस मंच पर जनजातीय पहचान, शिक्षा, भाषा संरक्षण, शासन व्यवस्था और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

25 जनजातीय फिल्मों का होगा प्रदर्शन

जनजातीय सिनेमा और कहानी कहने के मंच ‘संवाद के साथ’ में 60 फिल्मकार, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सामुदायिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस दौरान 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त 63 फिल्मों में से चयनित 25 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

15 राज्यों के 39 फेलो प्रस्तुत करेंगे अपने विचार और परियोजनाएं

संवाद फेलोशिप के तहत इस वर्ष 15 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 39 फेलो अपने विचारों और परियोजनाओं को प्रस्तुत करेंगे। फेलोशिप के लिए 26 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 99 जनजातीय समुदायों से 492 आवेदन प्राप्त हुए थे।अब तक इस पहल के माध्यम से 64 फेलो को सहयोग दिया जा चुका है। इनके प्रयासों से 34 पुस्तकें, 11 ऑडियो-विजुअल डॉक्यूमेंट्री, 32 ऑडियो गीत और एक विरासत संग्रहालय सहित कई सांस्कृतिक एवं ज्ञान आधारित कार्य सामने आए हैं।इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 12 राज्यों के 18 जनजातीय समुदायों की प्रस्तुतियां और 11 विशेष संगीत बैंड भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

जनजातीय पहचान, परंपरा और ज्ञान को मंच देने का प्रयास

आयोजकों के अनुसार, संवाद केवल पांच दिनों का सम्मेलन नहीं है, बल्कि जनजातीय समुदायों को अपनी पहचान, परंपरा, ज्ञान और आकांक्षाओं को स्वयं प्रस्तुत करने का अवसर देने वाला मंच है। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों को विकास से जुड़ी चर्चाओं में सहभागी बनाना और उन्हें देश की सांस्कृतिक विरासत तथा भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में स्थापित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button