BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: आदित्यपुर में सोनू कुमार हत्याकांड का खुलासा, सिगरेट मांगने के विवाद में दोस्त ने मारी थी गोली; आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहिनी में 9 नवंबर की शाम हुए सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक सोनू और आरोपी विशाल कुछ माह पहले तक अच्छे दोस्त थे। दोनों के परिवार भी एक-दूसरे से परिचित थे। प्रारंभिक जांच में सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद को हत्या की वजह बताया गया है।

9 नवंबर की शाम गोली मारकर की गई थी हत्या

शुक्रवार को आदित्यपुर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज ने बताया कि 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतवाहिनी, जमालपुर के पास सोनू कुमार (पिता मनोज कुमार साव) की पिस्तौल से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आदित्यपुर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

हत्या के बाद बस से रांची चला गया था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। मानवीय और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या के बाद विशाल कुमार सिंह डिमना चौक पहुंचा और उसी रात बस पकड़कर रांची चला गया। रांची में कुछ समय रहने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी शुक्रवार, 13 नवंबर को पुलिस ने सापड़ा पुल के पास उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पिस्तौल बरामद, मोबाइल जब्त

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार विशाल से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर सोनू की हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद की गई है। इसके अलावा आरोपी द्वारा इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

सिगरेट मांगने को लेकर हुआ था विवाद

एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के अनुसार, सोनू और विशाल कुछ महीने पहले तक अच्छे दोस्त थे। दोनों के परिवारों के बीच भी परिचय था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद कथित तौर पर विशाल ने सोनू को गोली मार दी।एसडीपीओ ने बताया कि हत्याकांड के बाद आरोपी के दूसरे शहर चले जाने के बावजूद पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही। उसके वापस लौटने की सूचना मिलने पर सापड़ा पुल के पास कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड से जुड़े शेष पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button