Bihar: हाजीपुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने खाया जहर, मां-पत्नी और बेटे की मौत; बेटी की हालत गंभीर

हाजीपुर: बिहार के वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर जहर खा लिया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार, प्रेमराज गांव निवासी राहुल कुमार लगातार अपनी जमीन बेच रहे थे। बीते शनिवार को उन्होंने सात कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री की थी। जमीन बेचने की जानकारी मिलने के बाद परिवार में विवाद शुरू हो गया।
जमीन की रजिस्ट्री को लेकर घर में हुआ था विवाद
बताया जाता है कि राहुल कुमार की पत्नी सीमा देवी जमीन की रजिस्ट्री की नकल लेकर आई थीं। इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने के बाद राहुल घर छोड़कर चले गए। इसके बाद परिवार के चार सदस्यों ने जहर खा लिया।इस घटना में राहुल कुमार की मां, पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि उनकी 15 वर्षीय बेटी ऋषिका की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों में मां, पत्नी और 12 वर्षीय बेटा शामिल
इस घटना में जान गंवाने वालों की पहचान निर्मला देवी (55 वर्ष): राहुल कुमार की मां,सीमा देवी (35 वर्ष): राहुल कुमार की पत्नी औरमुन्ना कुमार (12 वर्ष): राहुल कुमार का बेटा के रूप में हुई है।वहीं, राहुल की 15 वर्षीय बेटी ऋषिका का इलाज चल रहा है। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



