Jharkhand: निशा भगत के परिजनों से मिलीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष, कहा- न्याय दिलाने के लिए आयोग गंभीर

गुमला: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने गुमला पहुंचकर सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय निशा भगत के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में हाल के दिनों में महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। आयोग इन मामलों को गंभीरता से ले रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में पहल करेगा।
डीजीपी से जानकारी लेकर कार्रवाई का दिया था निर्देश
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि निशा भगत से जुड़ी घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने झारखंड के डीजीपी से पूरे मामले की जानकारी ली थी। साथ ही मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया था।उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए व्यवस्था को बेहतर तरीके से काम करना होगा। ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सीबीआई जांच की अनुशंसा से सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती
राज्य सरकार की ओर से निशा भगत मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा किए जाने के सवाल पर आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें भी इसकी जानकारी मिली है कि राज्य सरकार ने बीती रात सीबीआई जांच की अनुशंसा की है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल जांच की अनुशंसा कर राज्य सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती।उन्होंने कहा कि सरकार को यह भी देखना होगा कि आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं, जिनमें किसी व्यक्ति को इस तरह का कदम उठाना पड़ रहा है। सिस्टम में कहां कमियां हैं और किसी व्यक्ति की ओर से आवाज उठाए जाने पर पुलिस एवं प्रशासन की क्या भूमिका होनी चाहिए, इन सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी चिंता का विषय
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को लेकर जिस तरह की आपत्तिजनक बातें सामने आती हैं, वे भी गंभीर विषय हैं। आयोग इन मामलों को लेकर भी गंभीरता से विचार कर रहा है और आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल की जाएगी।
रांची में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ करेंगी बैठक
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि गुमला से रांची पहुंचने के बाद वह पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाओं के बाद अब तक की गई कार्रवाई और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं के खिलाफ हो रहे उत्पीड़न के मामलों में आयोग किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगा। आयोग आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई और सख्ती सुनिश्चित करने के उपायों पर भी मंथन कर रहा है।



