Jharkhand: 13 लाख का इनामी माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव गिरफ्तार, ठाणे में डेयरी फार्म में छिपकर कर रहा था काम

पलामू: झारखंड और बिहार में कुल 13 लाख रुपये का इनामी माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव गिरफ्तार कर लिया गया है। महाराष्ट्र के ठाणे में छिपकर रह रहे संजय यादव को मुंबई एटीएस ने हिरासत में लिया। इसके बाद पलामू पुलिस की टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लेकर आई। 9 नवंबर को न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी की निशानदेही पर जंगल से हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार माओवादी संजय यादव की निशानदेही पर पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित केमो-दुधिया जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान में एक 7.62 एमएम स्वचालित एसएलआर राइफल, 7.62 एमएम के 140 जिंदा कारतूस और 0.303 बोर के 150 जिंदा कारतूस शामिल हैं।इसके अलावा तीन खाली मैगजीन, एक राइफल का बट, मैगजीन पाउच, चार गोली, चार्जर और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
झारखंड और बिहार में दर्ज हैं 63 आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, संजय यादव के खिलाफ झारखंड और बिहार में कुल 63 आपराधिक एवं उग्रवादी मामले दर्ज हैं। इनमें पलामू में 32, औरंगाबाद में 20, गया में 10 और गढ़वा में एक मामला शामिल है। उस पर झारखंड में 10 लाख रुपये और बिहार में 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह दोनों राज्यों में उस पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम था।
ठाणे में पहचान छिपाकर डेयरी फार्म में कर रहा था काम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार माओवादी संजय यादव अपनी पहचान छिपाकर महाराष्ट्र के ठाणे में रह रहा था। वहां वह एक डेयरी फार्म यानी खटाल में काम कर रहा था और सामान्य व्यक्ति की तरह जीवन बिता रहा था। आसपास के लोगों को उसकी असली पहचान की जानकारी नहीं थी।सुरक्षा एजेंसियों को मिली गुप्त सूचना के बाद उसकी पहचान सामने आई। इसके बाद मुंबई एटीएस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। बाद में पलामू पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे गिरफ्तार किया।पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने गिरफ्तारी और बरामदगी से जुड़ी जानकारी दी।



