BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: चांडिल में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-18 किया जाम

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल-पुरुलिया न्यू बायपास रोड पर रावतारा चौक के सामने मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक अभिजीत गोराई की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। आक्रोशित ग्रामीणों ने रावतारा मोड़ के पास शव रखकर एनएच-18 को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सड़क किनारे खड़ा था युवक, पीछे से ट्रेलर ने मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, अभिजीत गोराई अपनी बाइक के साथ सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

फाइनेंस कंपनी में काम करता था अभिजीत, चार साल पहले हुई थी शादी

मृतक अभिजीत गोराई एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। उसकी शादी महज चार वर्ष पहले हुई थी। महज 22 वर्ष की उम्र में उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने शव रखकर एनएच-18 किया जाम

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रावतारा मोड़ के पास सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और एनएच-18 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर गहरा आक्रोश है।फिलहाल सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित है। ग्रामीणों के विरोध के बीच हादसे को लेकर इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button