Jharkhand: मेदिनीनगर में अलग ट्रैफिक थाना बनाने की मांग, डीआईजी को सौंपा ज्ञापन

मेदिनीनगर: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में लगातार बढ़ती यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर अलग ट्रैफिक थाना स्थापित करने की मांग उठी है। छतरपुर-पूर्वी के जिला पार्षद एवं फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पलामू प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने इस संबंध में पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) को मांग पत्र सौंपा है।उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है। इसका असर आम नागरिकों, व्यवसायियों और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। ऐसे में यातायात को सुचारू बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अलग ट्रैफिक थाना स्थापित करना जरूरी हो गया है।
मुख्य चौक-चौराहों पर रोजाना लग रहा जाम
मांग पत्र के अनुसार, मेदिनीनगर के मुख्य बाजार, छह मुहान चौक, बैरिया चौक, बस स्टैंड, अस्पताल चौक, कचहरी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के आसपास सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। त्योहारों के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।अमित कुमार जायसवाल ने अनियंत्रित पार्किंग और सड़कों पर अतिक्रमण को भी यातायात अव्यवस्था का प्रमुख कारण बताया। उनके अनुसार, मौजूदा व्यवस्था में इन समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं हो पा रहा है।
यातायात नियमों के सख्त पालन पर जोर
जायसवाल ने मांग की कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अलग ट्रैफिक थाना स्थापित किया जाए। इससे यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने और जाम की समस्या से निपटने में मदद मिल सकती है।उन्होंने कहा कि शहर के विस्तार और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है।
चैंबर पदाधिकारियों ने भी किया समर्थन
डीआईजी को मांग पत्र सौंपने के दौरान पलामू चैंबर के उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, पंकज जायसवाल और अंशुल उदयपुरिया समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने भी मेदिनीनगर में अलग ट्रैफिक थाना स्थापित करने की मांग का समर्थन किया।अब इस मांग पर पुलिस प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर शहरवासियों की नजर रहेगी।



