Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: मझगांव में बोलेरो की टक्कर से 6 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल, वाहन और चालक गिरफ्त में

मझगांव: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह मझगांव-हाट गम्हरिया मुख्य सड़क पर बोलेरो की टक्कर से छह वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मध्य विद्यालय ताड़ापाई के समीप हुई। हादसे के बाद चालक के वाहन लेकर फरार होने का आरोप है। हालांकि, ग्रामीण युवकों ने पीछा कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कुमारडुंगी पुलिस ने अंधारी चौक के पास बोलेरो और चालक को पकड़ लिया।घायल बच्चे की पहचान ताड़ापाई निवासी दुसेसन पिंगुवा के पुत्र मनीष पिंगुवा के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल चाईबासा रेफर किया गया।

दुकान जाने के दौरान बोलेरो ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मनीष घर से स्कूल के पास स्थित दुकान जा रहा था। इसी दौरान पड़सा की ओर से आ रही बोलेरो (जेएच 01 ईडी 5609) ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बच्चा सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया।आरोप है कि हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलने पर मझगांव थाने के एएसआई दशरथ हेम्ब्रम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चे को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगांव पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नौशाद ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार, बच्चे के पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका है। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया।

ग्रामीण युवकों ने पीछा कर पुलिस को दी सूचना

हादसे के बाद ग्रामीण युवकों ने बोलेरो का पीछा किया और कुमारडुंगी पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने अंधारी चौक के पास वाहन और चालक को पकड़ लिया।फिलहाल मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद घायल बच्चे के परिजनों और स्थानीय लोगों को उसके बेहतर इलाज का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button