Bihar INFACTNews

Bihar: पटना एडीएम सप्लाई और पत्नी के ठिकानों पर विजिलेंस की छापेमारी, 70 लाख से ज्यादा नकद बरामद

पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में सोमवार को पटना के एडीएम सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी, दानापुर की डिस्ट्रिक्ट सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई पटना और बेगुसराय स्थित उनके आवास और कार्यालयों में की गई। तलाशी के दौरान दोनों आवासों से 70 लाख रुपये से अधिक नकद और करीब 80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद होने की बात सामने आई है।

नोट गिनने के लिए मंगानी पड़ी करेंसी काउंटिंग मशीन

विजिलेंस की टीम को बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद नोटों की गिनती के लिए करेंसी काउंटिंग मशीन का सहारा लेना पड़ा। जांच टीम ने पटना स्थित आवास से करीब 40 कीमती विदेशी घड़ियां भी बरामद की हैं। इन घड़ियों की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।तलाशी के दौरान निवेश और संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज भी टीम के हाथ लगे हैं। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, करीब 1 करोड़ 6 लाख 85 हजार 900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चलने के बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

पटना में एडीएम सप्लाई के पद पर तैनात हैं रविंद्र

रविंद्र कुमार दिवाकर इससे पहले गया में एसडीएम और सारण में डीपीआरओ के पद पर काम कर चुके हैं। करीब एक साल से वह पटना में एडीएम सप्लाई के पद पर तैनात हैं।वर्तमान में वह दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र के नहर रोड स्थित कश्यप ग्रीनसिटी के एक अपार्टमेंट में किराये के फ्लैट में रह रहे हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, इसी अपार्टमेंट में उन्होंने पेंटा हाउस समेत दो फ्लैट भी खरीदे हैं, जहां फिलहाल मेंटेनेंस का काम चल रहा है।

बेगुसराय के पैतृक आवास पर भी पहुंची टीम

आय से अधिक संपत्ति से जुड़े विजिलेंस पीएस केस नंबर 113/26 के सिलसिले में निगरानी टीम ने सोमवार को कोर्ट से सर्च वारंट प्राप्त किया। इसके बाद पटना में आवास और कार्यालय के साथ-साथ बेगुसराय के नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड संख्या-37 स्थित पैतृक आवास पर भी एक साथ छापेमारी की गई।विजिलेंस के मुताबिक, बेगुसराय और पटना स्थित आवास से 500 रुपये के 100 से अधिक नोटों की गड्डियां बरामद हुई हैं। बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद टीम ने नोटों की गिनती के लिए मशीन का इस्तेमाल किया।

कार्यालयों की तलाशी में नहीं मिला खास सामान

विजिलेंस टीम ने रविंद्र कुमार दिवाकर और कुमारी स्वीटी के कार्यालयों की भी तलाशी ली। अधिकारियों के मुताबिक, कार्यालयों से फिलहाल कोई खास बरामदगी नहीं हुई है।जांच एजेंसी का कहना है कि तलाशी के दौरान मिली नकदी, आभूषण, घड़ियों और अन्य चल-अचल संपत्तियों से आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले की जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों के स्रोत की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button