Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बेटे की मौत का न्याय नहीं मिलने से आहत मां ने एसएसपी कार्यालय के बाहर किया आत्मदाह का प्रयास, समय रहते बची जान

जमशेदपुर: जवान बेटे की मौत के मामले में न्याय की मांग करते-करते थक चुकी एक पीड़ित मां ने रविवार शाम बिष्टुपुर स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के बाहर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद एक युवक और एटीएम सुरक्षा गार्ड की तत्परता से महिला की जान समय रहते बचा ली गई।महिला का आरोप है कि पुलिस की कथित लचर कार्यशैली और प्रताड़ना के कारण वह महीनों से न्याय के लिए भटक रही है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

मानसिक प्रताड़ना के बाद बेटे ने की थी आत्महत्या

सोनारी निवासी मोनी के जवान बेटे जय यादव ने बीते 26 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। महिला का आरोप है कि जय का सिम्मी रजक नामक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था।मोनी के मुताबिक, युवती द्वारा कथित तौर पर लगातार मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग किए जाने से परेशान होकर जय ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्य होने का दावा

पीड़ित मां का दावा है कि सोनारी पुलिस के पास जय और आरोपी युवती के बीच हुई बातचीत से संबंधित कॉल डिटेल, तस्वीरें और वीडियो समेत कई साक्ष्य उपलब्ध हैं। इसके बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपी युवती या उसके परिजनों से पूछताछ नहीं की है।महिला का यह भी आरोप है कि उसे रोजाना थाने बुलाकर घंटों बैठाया जाता है और बेवजह हाजिरी देने का दबाव बनाया जाता है। लगातार न्याय के लिए भटकने के बाद महिला ने पुलिस की कार्यशैली से निराश होकर यह कदम उठाया।

एसएसपी कार्यालय बंद मिला तो उठाया आत्मघाती कदम

रविवार शाम मोनी अपनी शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची थी। कार्यालय बंद होने के कारण उसकी मुलाकात अधिकारियों से नहीं हो सकी। इससे निराश होकर उसने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया।महिला माचिस जलाने ही वाली थी कि मौके पर मौजूद एक युवक ने उसे पकड़ लिया। वहीं एटीएम सुरक्षा गार्ड ने तत्काल पेट्रोल की बोतल और माचिस छीन ली। उनकी तत्परता से महिला की जान बच गई और एक बड़ी अनहोनी टल गई।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

घटना के बाद एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली और पीड़ितों की शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। महिला लंबे समय से अपने बेटे की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रही है।मामले में पुलिस की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच किस स्तर पर होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button