Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: देवघर में अंतिम सोमवारी को लेकर हाई अलर्ट, जमीन से आसमान तक कड़ी निगरानी

देवघर: सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर देवघर में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सोमवार को बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी की व्यवस्था की गई है।

तीन अतिरिक्त आईपीएस अधिकारी करेंगे सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग

श्रावणी मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने देवघर में तीन अतिरिक्त आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की है। ये अधिकारी मेला क्षेत्र में लगातार कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।इनकी जिम्मेदारी कंट्रोल रूम और मैदान में तैनात पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा हर गतिविधि पर नजर रखना होगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

22 क्विक रिस्पांस टीमें रहेंगी सक्रिय

अंतिम सोमवारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 22 क्विक रिस्पांस टीम को सक्रिय किया गया है। ये टीमें किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहेंगी।इसके अलावा मेला क्षेत्र, रूट लाइनिंग और बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में पुलिस जवानों, होमगार्ड और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की तैनाती की गई है।

मेले के अंतिम चार दिनों तक जारी रहेगी कड़ी चौकसी

अंतिम सोमवारी के बाद भी प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है। श्रावणी मेले के शेष दिनों में भी विशेष पुलिस टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी।अधिकारियों का कहना है कि मेला आधिकारिक रूप से समाप्त होने तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।

ड्यूटी में लापरवाही पर 64 पुलिस पदाधिकारी निलंबित

श्रावणी मेले के दौरान ड्यूटी में लापरवाही, अनुपस्थिति और अनुशासनहीनता के आरोप में देवघर एसपी ने अब तक 64 पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button