Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: गिरिडीह में 150 फीट ऊंची पानी टंकी पर 4 साल के बच्चे के साथ चढ़ा युवक, तीन घंटे तक चला रेस्क्यू

गिरिडीह: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महादेव तिवारी अपने चार साल के बच्चे को लेकर करीब 150 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया। पारिवारिक जमीन विवाद और सुबह पत्नी के साथ हुई कहासुनी को घटना की वजह बताया जा रहा है। टंकी पर बच्चे के साथ युवक को देखकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

बच्चे के साथ टंकी पर चढ़ा युवक, जुटी भीड़

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने युवक को पानी टंकी के ऊपरी हिस्से पर चढ़े देखा। उसके साथ चार साल का बच्चा भी था। इतनी ऊंचाई पर बच्चे के साथ युवक को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने युवक को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ।घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सब-इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार खुद पानी टंकी के ऊपर चढ़े और युवक को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, काफी देर तक बातचीत के बावजूद युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इस दौरान बच्चे की सुरक्षा को लेकर पुलिस और स्थानीय लोग चिंतित रहे।

मोबाइल पर बातचीत कर प्रशासन ने समझाया

मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से युवक से बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से उसे भरोसा दिलाया गया कि पहले वह बच्चे के साथ सुरक्षित नीचे उतर आए, इसके बाद उसकी पारिवारिक समस्याओं को सुलझाने के लिए बातचीत की जाएगी।पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार धैर्य के साथ युवक को समझाती रही। करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

जमीन विवाद सुलझाने के लिए हुई बातचीत

दोनों के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पानी टंकी के पास एक पेड़ के नीचे युवक के गोतिया और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पारिवारिक जमीन विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत की गई।स्थानीय लोगों का दावा था कि घटना के समय युवक शराब के नशे में था। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन की टीम के प्रयास से युवक और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button