Jharkhand: शनि मंदिर में नागा साधु की बेरहमी से पिटाई, आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस के सामने भीड़ ने की मारपीट

बोकारो: बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में गरगा पुल के पास स्थित शनि मंदिर में रहने वाले नागा साधु दिगंबर रघुवर पुरी दास की कुछ युवकों ने जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान युवकों ने साधु की कार में भी तोड़फोड़ की। वहीं, मारपीट का वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।
विवाद के बाद नागा साधु के साथ मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, नागा साधु दिगंबर रघुवर पुरी दास पेट्रोल पंप से तेल लेकर निकले थे। इसी दौरान कुछ युवकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। साधु के मुताबिक, गाड़ी में साथ बैठे एक व्यक्ति के साथ हाथापाई हुई। इसके बाद अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई।घटना के दौरान मारपीट का वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस, भीड़ ने कर दी पिटाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुंवर सिंह कॉलोनी के पास से एक युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची।बताया जा रहा है कि जब पुलिस आरोपी युवक को थाने ले जाने लगी, तभी वहां मौजूद भीड़ ने उस पर हमला कर दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भीड़ से बचाया और अपने साथ थाने ले गई।
घायल नागा साधु सदर अस्पताल में भर्ती
मारपीट की घटना में घायल नागा साधु को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे।
डीएसपी सिटी ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले में डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है। विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि यदि पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के साथ मारपीट हुई है, तो इसकी भी जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



