जमशेदपुर: शहर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत टेल्को क्लब के समीप रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक राजवीर सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका साथी युवराज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने राजवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, युवराज की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया, जहां उसे सीसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
छुट्टियों में घर आया था राजवीर
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राजवीर सिंह टेल्को के जोजोबेड़ा का निवासी था। वह पुणे में रहकर स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और छुट्टियों में अपने घर जमशेदपुर आया हुआ था। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल उसका साथी युवराज कुमार एनटीटीएफ का छात्र बताया जा रहा है।
अस्पताल में परिजनों का हंगामा, पुलिस ने कराया शांत
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। राजवीर की मौत की खबर सुनते ही परिवार के सदस्यों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामले की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
