Jharkhand: देवघर पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह में छात्रों को किया संबोधित

देवघर: देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर पहुंचे, जहां उन्होंने एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह में शिरकत की। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति ने छात्रों को संबोधित करते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने झारखंड के वीर सपूतों सिद्धू-कान्हू और बिरसा मुंडा को याद करते हुए देश की स्वतंत्रता में राज्य के योगदान को भी रेखांकित किया।

एयरपोर्ट पर राज्यपाल और जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के देवघर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर राज्यपाल जेएस गंगवार, मंत्री इरफान अंसारी, स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्रोटोकॉल के तहत स्वागत के बाद उपराष्ट्रपति कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एम्स देवघर के लिए रवाना हुए।

एम्स के दीक्षांत समारोह में शिक्षा और स्वास्थ्य पर दिया जोर

एम्स देवघर में आयोजित दूसरे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य से बड़ा धन कुछ नहीं है। देवघर के देवीपुर जैसे क्षेत्र में एम्स की स्थापना से आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर उपलब्ध होंगे।उन्होंने छात्रों के बीच डिग्रियां वितरित कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सिद्धू-कान्हू और बिरसा मुंडा को किया याद

अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति ने झारखंड के वीर सपूतों सिद्धू-कान्हू और बिरसा मुंडा का स्मरण किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में झारखंड के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य के विकास को लेकर भारत सरकार विशेष रूप से सजग है।उन्होंने एम्स देवघर को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संस्थान बताते हुए स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के विस्तार में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

देवघर में सैन्य मेले का भी किया दौरा

एम्स के दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति देवघर के दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ ट्रस्ट सह पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में आयोजित सैन्य मेले में शामिल हुए। रक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित इस मेले में उन्होंने प्रदर्शित अत्याधुनिक हथियारों और सैन्य उपकरणों का अवलोकन किया।इस दौरान उन्होंने मेले में मौजूद सैन्यकर्मियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया।

विशेष विमान से दिल्ली रवाना हुए उपराष्ट्रपति

सैन्य मेले के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन देवघर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। वहां से उन्होंने वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। उनके दौरे को लेकर पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल की व्यवस्था बनाए रखी गई।

Exit mobile version