रांची: जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगलवार को समाहरणालय में आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने रोजगार, विकास योजनाओं और बाजार से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
रोजगार की संभावनाओं को चिन्हित करने के लिए होगा सर्वे
कांके प्रखंड के नगड़ी क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने इलाके में चल रही और प्रस्तावित विकास योजनाओं के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी।ग्रामीणों की मांग पर उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं और जरूरतों को चिन्हित करने के लिए घर-घर सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं की जानकारी जुटाई जाएगी। रोजगार के अवसर सामने आने पर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की दिशा में पहल की जाएगी।
मोरहाबादी साप्ताहिक बाजार फिर शुरू कराने की मांग
जनता दरबार के दौरान मोरहाबादी मैदान में स्थगित साप्ताहिक बाजार को दोबारा शुरू कराने की मांग भी उठी। दुकानदारों ने बाजार से जुड़ी समस्याओं के साथ कथित अवैध वसूली की शिकायत भी उपायुक्त के समक्ष रखी।मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बाजार को दोबारा शुरू कराने से जुड़े पहलुओं पर भी आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई।
जनसमस्याओं के समाधान में समयबद्धता पर जोर
उपायुक्त ने आम लोगों की ओर से रखी गई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान में प्राथमिकता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
