रांची। झारखंड के स्कूली बच्चों के लिए खेल के बड़े मंच ‘खेलो झारखंड’ का बहुप्रतीक्षित राज्यस्तरीय चरण शनिवार से रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स ग्राउंड में शुरू होगा। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन अपराह्न तीन बजे राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन करेंगे।राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के सभी 24 जिलों से अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। हॉकी और एथलेटिक्स के खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है और सभी मुकाबलों में कड़ी प्रतिस्पर्धा की उम्मीद है।
दस्तावेज सत्यापन और तकनीकी पंजीयन पूरा
प्रतियोगिता शुरू होने से एक दिन पहले शुक्रवार को खिलाड़ियों के दस्तावेज सत्यापन और तकनीकी पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसके अलावा आयोजित खुली चयन प्रक्रिया में भी बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस प्रक्रिया में 582 से अधिक एथलीटों ने अपनी रफ्तार, क्षमता और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
हॉकी और एथलेटिक्स में होगी कड़ी टक्कर
उद्घाटन समारोह के बाद हॉकी और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में मुकाबले शुरू होंगे। अलग-अलग जिलों से पहुंचे खिलाड़ी पदक हासिल करने के लिए मैदान पर पूरी ताकत झोंकेंगे। राज्यस्तरीय चरण में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों की भी नजर रहेगी।
खेल प्रतिभाओं को मंच देने की पहल
‘खेलो झारखंड’ का मुख्य उद्देश्य स्कूली स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में भी मदद मिलेगी।राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच प्रतियोगिता को लेकर उत्साह का माहौल है। शनिवार से शुरू होने वाले मुकाबलों में हॉकी और एथलेटिक्स की स्पर्धाएं खेलप्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
