चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र स्थित घाटबाजार घाटी में सड़क निर्माण कार्य के दौरान पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने और दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। रविवार दोपहर लाल-काली पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर बंदूक दिखाकर ग्रेडर चालक अशोक चौधरी को धमकाया और पीएलएफआई के लेटरहेड पर लिखी लेवी की पर्ची थमा दी। युवकों ने दो दिनों के भीतर रकम पहुंचाने का फरमान सुनाया और मांग पूरी नहीं होने पर निर्माण कार्य बंद कराने की धमकी दी।
लेवी की पर्ची देने के बाद ग्रेडर मशीन में आग लगाने की कोशिश
मिली जानकारी के अनुसार, पर्ची देने के बाद दोनों युवकों ने ग्रेडर मशीन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और मशीन सुरक्षित बच गई। घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और मजदूरों के बीच दहशत फैल गई।बताया गया कि पर्ची के नीचे कथित तौर पर ‘अनल दा’ का नाम अंकित था। हालांकि, पर्ची की वास्तविकता और पीएलएफआई से इसके संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कोलेबिरा से रायकेरा तक बन रही एनएच-320जी सड़क
जानकारी के अनुसार, कोलेबिरा से रायकेरा (मनोहरपुर) तक एनएच-320जी सड़क का निर्माण बीकेएस इंफ्रास्ट्रक्चर, रांची द्वारा कराया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत रविवार को घाटबाजार घाटी में ग्रेडर मशीन से सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दोनों युवक वहां पहुंचे और चालक को हथियार के बल पर धमकाते हुए लेवी की पर्ची सौंप दी।
संवेदक ने पुलिस को दी सूचना, जांच में जुटी पुलिस
संवेदक कंपनी के जितेंद्र कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवकों ने चालक को बंदूक दिखाकर लेवी की पर्ची दी और मशीन में आग लगाने का प्रयास किया।घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान, घटना में इस्तेमाल बाइक और हथियार के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
सड़क निर्माण में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं और पीएलएफआई के नाम पर दी गई पर्ची का वास्तविकता से क्या संबंध है।
